इस्लामाबाद, 12 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के योजना, विकास एवं सुधार मंत्री अहसान इकबाल ने अफगानिस्तान के लिए 500 मिलियन की परियोजनाओं की घोषणा की है। इस योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी क्षेत्रों पर काम किया जाएगा। शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट में इसकी जानकारी दी गई है।
डॉन की ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक, इकबाल ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान की विभिन्न यूनिवर्सिटी के 3 हजार अफगानी छात्रों और लाहौर यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज के 100 अफगानी छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी।
अफगान प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान अपने सभी पड़ोसी देशों के साथ मित्रतापूर्ण रिश्ते बनाना चाहता है।
इकबाल ने कहा, “हमें सामाजिक और आर्थिक आयाम पर ध्यान केंद्रित करते हुए पाकिस्तान-अफगानिस्तान संबंधों का एक नया अध्याय शुरू करना है। इन दोनों देशों ने 100 सालों का इतिहास साझा किया है।”
इकबाल ने पाक-चीन रिश्तों की दुहाई देते हुए कहा कि चीन-पाकिस्तान का आर्थिक गलियारा पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सुधारने के साथ ही इस क्षेत्र के लोगों को करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है।
उन्होंने बताया कि अफगानिस्तान में अगर कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी लपटे पाकिस्तान सबसे पहले महसूस करता है। बाद में वह पूरी दुनिया को प्रभावित करती है।
dharmpath.com dharmpath