नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। टिम वीह की हैट्रिक की बदौलत अमेरिका ने सोमवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए फीफा अंडर-17 विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में पराग्वे को मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
इस मैच में अमेरिका के लिए वीह के अलावा, फारवर्ड जोश सार्जेंट और मिडफील्डर एंड्रयू कार्लटन ने भी गोल किया।
अमेरिका ने शुरुआत से इस मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा था। 19वें मिनट में वीह ने पहला गोल दागकर टीम का खाता खोला।
इसके बाद, वीह ने 53वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम को बढ़त दी। 63वें मिनट में एंड्रयू ने अमेरिका के लिए तीसरा गोल किया।
इसके बाद सार्जेंट ने 74वें मिनट में गोल कर अमेरिका की बढ़त को मजबूत कर दिया। इसके तीन मिनट बाद ही वीह ने अपने गोल की हैट्रिक पूरी की और अमेरिका को 5-0 से जीत दिलाई।
अमेरिका का मुकाबला अब क्वार्टरफाइनल में इंग्लैंड और जापान के बीच खेले जाने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम से होगा।
dharmpath.com dharmpath