अंडर-19 टेस्ट : होल्डन, बार्टलेट के शतकों से इंग्लैंड मजबूत

नागपुर, 13 फरवरी (आईएएनएस)। मैक्स होल्डन (नाबाद 135) और जॉर्ज बार्टलेट (नाबाद 132) की शानदार पारियों की मदद से इंग्लैंड की अंडर-19 टीम ने भारत की अंडर-19 टीम के साथ जारी टेस्ट मैच के पहले दिन सोमवार का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में एक विकेट के नुकसान पर 311 रन बना लिए।

विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में इंग्लैंड का एकमात्र विकेट हैरी ब्रोक (21) के रूप में गिरा।

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। उसकी शुरुआत अच्छी रही। ब्रोक और होल्डन ने मेहमानों के लिए पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़े। 20वें ओवर में ब्रोक कनिष्क सेठ की गेंद पर आउट हुए। उन्हें विकेट के पीछे सुरेश लोकेश्वर ने लपका।

इसके बाद होल्डन को बार्टलेट का साथ मिला और दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। भारतीय कप्तान जोंटी सिद्धू ने इस जोड़ी को तोड़ने के लिए सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया लेकिन दिन का खेल खत्म होने तक कोई भी उन्हें विकेट नहीं दिला सका।

होल्डन ने अभी तक अपनी पारी में 259 गेंदें खेलते हुए 17 चौके लगाए हैं। बार्टलेट ने 203 गेंदों का सामना किया है और 18 चौके तथा दो छक्के लगाए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493