वाशिंगटन, 10 फरवरी (आईएएनएस)। बौद्धिक संपदा (आईपी) संरक्षण से संबंधित बुधवार को जारी एक अंतर्राष्ट्रीय सूचकांक में भारत को नीचे से दूसरा स्थान मिला है। 38 देशों के लिए तैयार किए गए इस सूचकांक में भारत के बाद और सबसे नीचे वेनेजुएला है, जबकि सबसे ऊपर अमेरिका को जगह मिली है।
चौथा सालाना अंतर्राष्ट्रीय आईपी सूचकांक ‘असीमित संभावनाएं’ यूएस चैंबर ऑफ कॉमर्स के वैश्विक बौद्धिक संपदा केंद्र (जीआईपीसी) ने जारी किया है। इसमें आर्थिक लिहाज से दुनिया के प्रमुख 38 देशों को बौद्धिक संपदा माहौल के आधार पर सूचीबद्ध किया गया है। ये 38 देश 85 फीसदी वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का प्रतिनिधित्व करते हैं।
जीआईपीसी द्वारा बुधवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि भारत में ऑनलाइन पाईरेसी की प्रभावी रोकथाम की समुचित व्यवस्था नहीं है।
बयान के मुताबिक, ताजा मूल्यांकन में बौद्धिक संपदा संरक्षण माहौल के लिए भारत को 7.05 अंक मिले हैं, जो पिछले साल मिले 7.23 अंक से कम हैं। बयान में यह भी कहा गया है कि सरकार ने यदि कंप्यूटर संबंधी खोज (सीआरआई) के लिए अंतिम दिशानिर्देश को लागू करने से रोका नहीं होता, तो भारत को अधिक अंक मिले होते। बयान के मुताबिक, 38 में से करीब आधे देश ऐसे हैं, जिनके अंक सुधरे हैं।
सूचकांक बनाने में इन देशों को पेटेंट, कॉपीराइट और ट्रेडमार्क सुरक्षा जैसे नवाचार के लिए जरूरी 30 मानकों पर परखा गया है।
जीआइपीसी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड हर्शमैन ने कहा, “सूची से पता चलता है कि अनेक देशों ने बौद्धिक संपदा माहौल में प्रगति की है और अपने आईपी तंत्र में सुधार के लिए कदम उठा रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “भारत के आइपी माहौल मंे सुधार के लिए मोदी सरकार के वक्तव्यों से हमारा हौसला बढ़ा है, लेकिन हमें अभी भी इस पर ठोस कारवाई का इंतजार है। इस वर्ष रैंकिंग में भारत को पीछे छोड़ने वाले थाईलैंड जैसे देशों ने यह उदाहरण पेश किया है कि देश की बौद्धिक संपदा तंत्र में धीमे-धीमे लगातार सुधार करने से समग्र आईपी परितंत्र में व्यापक बदलाव आ सकता है।”
इस सूची में अल्जीरिया, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, ब्रुनेई, कनाडा, चिली, चीन, कोलंबिया, इक्वाडोर, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इजरायल, इटली, जापान, मलेशिया, मेक्सिको, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, पेरू, पोलैंड, रूस, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, स्वीडन, स्विट्जरलैंड, ताइवान, थाईलैंड, तुर्की, यूक्रेन, संयुक्त अरब अमीरात (युएई), ब्रिटेन, अमेरिका, वेनेजुएला और वियतनाम की रैंकिंग की गई है।
dharmpath.com dharmpath