मुंबई, 5 जुलाई (आईएएनएस)। फिल्म निर्माता गुरिंदर चड्ढा अधिकतर अंतर्राष्ट्रीय कलाकारों के साथ ही फिल्में बनाती हैं। उनका कहना है कि एक निर्देशक के तौर पर किसी फिल्म में अभिनेता को कास्ट करने के लिए वह दुनियाभर के अभिनेताओं के बारे में सोचती हैं।
गुरिंदर भारत में अपनी आगामी फिल्म ‘पार्टिशन : 1947’ के रिलीज होने का इंतजार कर रही हैं। उनका कहना है कि वह अपने किसी भी प्रोजेक्ट के लिए अभिनेता को कास्ट करने के पहले शारीरिक समानताओं का ध्यान रखती हैं।
फिल्म ‘वायसराय हाउस’ भारत के बाहर इस साल शुरुआत में रिलीज हो चुकी है, जो भारत के विभाजन की कहानी कहती है। इसमें हुमा कुरैशी, मनीष दयाल, दिवंगत ओम पुरी, डेंजिल स्मिथ, ह्यूज बोनेविले और गिलियन एंडरसन के साथ ही अन्य मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म के लिए स्टार कास्ट के चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा, “एक निर्देशक के तौर पर, मैं अंतर्राष्ट्रीय स्टार कास्ट के बारे में सोचती हूं। मैंने इंग्लैंड, फ्रांस, अमेरिका में फिल्में बनाई हैं। मैं दुनियाभर के अभिनेताओं के बारे में सोचती हूं। इस फिल्म के लिए स्टार कास्ट चुनते समय यह ध्यान दिया कि अभिनेता फिल्म के किरदार के साथ न्याय कर सके।”
उन्होंने कहा, “मैंने डेंजिल को जिन्ना के किरदार में देखा है। दूसरी ओर, नीरज काबी शानदार अभिनेता हैं, जिन्हें मैंने गांधी के रूप में देखा है। मैं नेहरू के लिए ब्रिटिश अभिनेता चाहती थी, इसलिए मैंने तनवीर को कास्ट किया।”
यह फिल्म भारत में 18 अगस्त को रिलीज होने वाली है।
dharmpath.com dharmpath