कोलकाता, 12 जुलाई (आईएएनएस)। देश के आधिकारिक फुटबाल लीग ‘आई-लीग’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुनंदो धर ने बुधवार को कहा कि अगर मोहन बागान को लीग मैचों की मेजबानी करनी है तो सितंबर के आखिर या अक्टूबर की शुरुआत तक अपने स्टेडियम का पुनर्निर्माण कार्य पूरा करे।
धर ने यह बात मैदान का मुआयना करने के बाद कही।
धर ने यहां संवाददाताओं से कहा, “अब तक काफी काम किया जा चुका है, लेकिन मौजूदा हालत में आई-लीग के मैचों की मेजबानी मुमकिन नहीं है। उन्होंने हालांकि हमें आश्वस्त किया है कि वह मैदान में सुधार करेंगे। जब हम दिल्ली पहुंचेंगे तो इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक मोहन बागान दुर्गा पूजा (27 सिंतबर) तक या उससे पहले काम खत्म कर लेगा। अगर वह मेजबानी करने में सफल होता है तो हमें खुशी होगी।”
मोहन बागान ने घरेलू मैच अपने क्लब ग्राउंड पर खेलने की इच्छा जाहिर की है।
धर से जब सुधार के क्षेत्रों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “हम बारिकियों में नहीं जाना चाहते। कुछ कमरे हैं जिन पर काम होना है। प्रवेश और निकासी द्वार। हमने सुरक्षा का भी मुआयना लिया। उन्होंने हमसे कहा है कि वह फ्लडलाइट्स को भी ठीक करवाएंगे।”
क्लब के महासचिव श्रिंजॉय बोस हालांकि इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि क्लब सभी जरूरतों को समय रहते पूरा कर लेगा।
उन्होंने कहा, “कुछ भी असंभव नहीं है। मोहन बागान का क्लब ग्राउंड कुल मिलाकर ठीक है। हमें कुछ अस्थायी कमरे जैसे ड्रेसिंग रूम तैयार करना है। मैदान के बारे में उन्होंने कहा कि वह अच्छा है।”
dharmpath.com dharmpath