लखनऊ, 8 दिसंबर –उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिजली संकट दूर करने की कवायद शुरू कर दी है। उन्होंने सोमवार को उप्र के लोगों को एक बड़ा तोहफा देते हुए एक तरफ जहां 200 पावर सब स्टेशनों का उद्घाटन किया, वहीं उन्होंने समाजवादी पेंशन योजना के 2 लाख से अधिक लाभार्थियों के खाते में 90 करोड़ रुपये भी स्थानांतरित किए। इस बीच उन्होंने उप्र के नौ धार्मिक स्थलों पर मार्च के बाद 24 घंटे बिजली आपूर्ति की अहम घोषणा भी की। उद्घाटन कार्यक्रम सुबह 11 बजे 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शुरू हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव, स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, मंत्री अरविंद सिंह गोप, सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी और यासिर शाह मौजूद रहे। अखिलेश यादव की सांसद पत्नी डिंपल यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
इस दौरान अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार बिजली संकट को दूर करने के लिए लगातार कोशिश कर रही है। बिजली कटौती को दूर करने की दिशा में सरकार ने काम किया है। 200 पावर सब स्टेशनों का उद्घाटन इसी का बेहतर नतीजा है।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बातचीत के दौरान केंद्र सरकार ने भी यह स्वीकार किया कि उप्र सरकार जिस दिशा में काम कर रही है, वही बेहतर विकल्प है और उसी के सहारे उप्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लक्ष्य को पूरा किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की एक नई योजना की घोषणा करते हुए बताया कि सरकार ने उप्र के ऐसे नौ जगहों को चिह्न्ति किया है, जहां मार्च के बाद 24 घंटे बिजली दी जाएगी। बेहतर बिजली आपूर्ति की दिशा में सरकार का यह एक बड़ा कदम है। इसके बाद जैसे-जैसे बिजली की आपूर्ति बढ़ेगी, सरकार और महत्वपूर्ण फैसले लेगी।
बकौल अखिलेश, “हमने चुनाव के दौरान भी कहा था कि समाजवादी काम करने में आगे हैं, लेकिन प्रचार में पीछे हैं। उप्र में जिस स्तर पर विकास का काम हो रहा है, उतना किसी भी अन्य राज्य में नहीं हो रहा है। जल्द ही अन्य राज्य भी उप्र की नकल करेंगे।”
अखिलेश यादव ने इस मौके पर ‘हर गांव बिजली, हर घर उजाला’ पुस्तिका और महिला सशक्तीकरण पर आधारित ‘हमारी कहानी, हमारी जुबानी’ किताब का विमोचन किया।
dharmpath.com dharmpath