पेरिस, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। फ्रांस के राष्ट्रपति पद के चुनाव की दौड़ में शामिल धुर दक्षिणपंथी नेता मारीन ली पेन ने कहा है कि अगर वह राष्ट्रपति निर्वाचित हुईं, तो फ्रांस में सभी वैध आव्रजन को निलंबित कर देंगी।
बीबीसी की मंगलवार की रिपोर्ट के मुताबिक, द नेशनल फ्रंट (एफएन) की नेता ने एक रैली में कहा कि वह एक ‘पागलपन भरे, अनियंत्रित हालात’ को रोकना चाहती हैं।
पेरिस में एक रैली में ली पेन ने कहा, “मैं तमाम वैध आव्रजन को रोकने के लिए प्रतिबंध लगाने का फैसला करूंगी, ताकि पागलपन भरे और अनियंत्रित हालात को रोका जा सके, जो हमें पीछे ले जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि इसके बाद, फ्रांस में आव्रजन को लेकर अधिक कठोर, अधिक उचित, अधिक मानवीय और अधिक प्रबंधकीय नियम लाए जाएंगे।
वामपंथी रुझान के अखबार लिबरेशन ने इसे ‘उनके चुनाव प्रचार का अब तक का सबसे कट्टर भाषण’ करार दिया है, जिसका उद्देश्य उनके जमीन से जुड़े समर्थकों को संतुष्ट करना है।
बीबीसी ने बताया है कि राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर में 11 उम्मीदवार हिस्सा ले रहे हैं।
मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को पहले दौर के मतदान से पहले ली पेन का प्रतिद्वंद्वी मध्यमार्गी उम्मीदवार इमेनुअल मैक्रोन से नजदीकी मुकाबला है।
ओपिनियन पोल के मुताबिक, मैक्रोन तथा ली पेन पहला चरण पारकर सात मई को होने वाले दूसरे दौर में पहुंच जाएंगे।
न्यूज चैनल बीएफएमटीवी के सर्वेक्षण के मुताबिक, पहले दौर के मतदान में मैक्रोन को 24 फीसदी, जबकि ली पेन को 23 फीसदी मत मिलता दिखाई दे रहा है। कंजरवेटिव फ्रांस्वा फिलॉन को 19.5 फीसदी तथा धुर वामपंथी उम्मीदवार जीन-लुक मेलेंकॉन को 18 फीसदी मत मिलता दिख रहा है।
सर्वेक्षणों के मुताबिक, चुनाव में मैक्रोन की दावेदारी मजबूत दिख रही है।
ली पेन ने कहा है कि मतदाताओं को उनके प्रतिद्वंद्वियों के ‘बर्बर वैश्वीकरण’ तथा उनकी देशभक्ति में से एक का चुनाव करना है।
रैली स्थल के बाहर दर्जनों प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ झड़प हुई।
इस बीच, मैक्रोन ने बरसी नेशनल इनडोर एरेना में लगभग 20,000 समर्थकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, “बीते 20 वर्षो के बाद हम इतिहास बदलने जा रहे हैं, क्योंकि हमारी पीढ़ी बदलाव के लिए तैयार है।”
यूरोपीय संघ में फ्रांस की भूमिका पर उन्होंन कहा, “हमें यूरोप की जरूरत है, इसलिए हम इसका पुनर्निर्माण करेंगे। मैं यूरोपीय आकांक्षाओं के जागरण का राष्ट्रपति बनूंगा।”
पूर्व इंवेस्टमेंट बैंकर मैक्रोन अपनी खुद की बनाई एन मार्च पार्टी से चुनाव लड़ रहे हैं और विरोधियों पर जमकर निशाना साध रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 11 में से 10 उम्मीदवार फ्रांस को ‘अतीत के सपनों’ की तरफ वापस ले जाना चाहते हैं।
dharmpath.com dharmpath