अजलान शाह कप : न्यूजीलैंड ने भारत को 2-1 से हराया (लीड-1)

इपोह (मलेशिया), 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम को सुल्तान अजलान शाह कप में न्यूजीलैंड के हाथों 2-1 से हार झेलनी पड़ी है।

इपोह (मलेशिया), 13 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय हॉकी टीम को सुल्तान अजलान शाह कप में न्यूजीलैंड के हाथों 2-1 से हार झेलनी पड़ी है।

धीमी शुरुआत के बाद केन रसेल ने न्यूजीलैंड को 29वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर बढ़त दिला दी। 36वें मिनट में मनदीप सिंह ने भारत को बराबरी करा दी लेकिन 41वें मिनट में निक विल्सन ने न्यूजीलैंड के लिए एक और गोल कर टीम को आगे कर दिया।

इसके बाद कोई और गोल नहीं हुआ और न्यूजीलैंड ने मैच अपने नाम कर लिया।

भारतीय टीम मैच में तीन पेनाल्टी कॉर्नर को भुना नहीं सकी।

मैच के बाद भारतीय टीम के कोच रोलेंट ओल्टमेन्स ने कहा, “हमने अच्छा खेल खेला। हालात को देखते हुए हम थोड़े से दुर्भाग्यशाली रहे। न्यूजीलैंड के दोनों गोलकीपरों ने शानदार खेल दिखाया।”

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर आ गई है। उसके छह मैचों में 11 अंक हैं। वहीं, पिछली बार की कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम के पांच मैचों में नौ अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है।

विश्व विजेता आस्ट्रेलिया अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है।

शीर्ष दो टीमें फाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी। जबकि, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें कांस्य पदक के लिए भिड़ेंगीं।

भारत अगर अपने अंतिम ग्रुप मैच में शुक्रवार को मलेशिया को हरा देता है तो वह फाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकता है।

ओल्टमेन्स ने कहा, “हमारे पास फाइनल खेलने का एक और मौका है। हमारा ध्यान मेजबान मलेशिया के खिलाफ होने वाले अगले मैच को जीत कर फाइनल में जगह बनाने पर है।”

पाकिस्तान पर धमाकेदार जीत के बाद उम्मीद थी कि भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दोनों टीमों ने धीमी शुरुआत की। मैच के पहले क्वार्टर में एक भी गोल नहीं हुआ।

दूसरे क्वार्टर में 21वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे भारत के रुपिंदर सिंह गोल में नहीं बदल पाए।

इसके बाद भारत की कमजोर रक्षापंक्ति का फायदा उठाते हुए न्यूजीलैंड की टीम पेनाल्टी कॉर्नर लेने में कामयाब रही, जिसे रसेल ने गोल में बदल दिया।

कुछ ही देर बाद मनदीप सिंह ने भारत को बराबरी कर राहत की सांस दी। पांच मिनट बाद ही न्यूजीलैंड ने भारत पर फिर हमला बोला। इस बार निक विल्सन ने टीम के लिए गोल कर टीम को बढ़त दिला दी।

मैच के अंतिम क्वार्टर में भारत को दो पेनाल्टी कॉर्नर और मिले लेकिन रुपिंदर और हरमनप्रीत सिंह दोनों ही मौकों का फायदा नहीं उठा पाए और टीम मैच हार गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493