अजलान शाह कप : भारत ने कोरिया को ड्रॉ पर रोका

इपोह (मलेशिया), 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सुल्तान अजलान शाह कप में ड्रॉ के साथ आगाज किया और रविवार को हुए टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में दक्षिण कोरिया के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला।

दोनों ही टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत करते हुए मैच के 11वें मिनट में पहला गोल दाग दिया। निकिन थिमैया ने शानदार आक्रमण करते हुए यह फील्ड गोल किया।

दक्षिण कोरिया ने भी हालांकि जबरदस्त पलटवार करते हुए भारतीय गोलपोस्ट की ओर जोरदार हमला किया, लेकिन बिरेंद्र लाकड़ा ने कोरिया के इस हमले का अच्छा बचाव किया। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम मैदान पर दबदबा बनाए रखने में सफल रही और 1-0 से बढ़त ले लिया।

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की और धरमवीर से मिले पास को लेकर रमनदीप तेजी से आगे बढ़े, हालांकि कोरिया के गोलकीपर ने उनके शॉट पर अच्छा बचाव किया। भारतीय टीम अच्छा खेल रही थी, लेकिन अपने तेज-तर्रार खेल के लिए जानी जाने वाली कोरिया के लिए ह्येसुंग ह्यून ने 25वें मिनट में गोल कर स्कोर को 1-1 से बराबरी पर ला दिया।

मध्यांतर तक स्कोर 1-1 ही रहा। तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम कोरिया पर हावी रही हालांकि कोई भी टीम गोल हासिल नहीं कर सकी और तीसरे क्वार्टर की समाप्ति पर भी स्कोर 1-1 ही रहा।

चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से जोरदार हमले हुए, लेकिन कोरियाई टीम ने 53वें मिनट में गोल कर 2-1 से बढ़त ले ली। कोरिया के लिए यह गोल सेओंगकू किम ने किया। लेकिन ड्रैग फ्लिकर विशेषज्ञ वी. आर. रघुनाथ ने तीन मिनट बाद ही 56वें मिनट में गोल कर स्कोर को फिर से 2-2 से बराबर कर लिया।

मैच समाप्त होने तक दोनों टीमें इसके बाद कोई गोल नहीं कर सकीं और ड्रॉ मैच से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले।

भारतीय टीम अब सोमवार को न्यूजीलैंड का सामना करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493