‘अजहर’ की नायिका के चयन पर काम जारी : एकता

मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद अजहरुद्दीन के जीवन पर आधारित फिल्म ‘अजहर’ में नायिका के किरदार के लिए अभिनेत्री का चयन होना अभी बाकी है। निर्माता एकता कपूर ने बताया कि फिलहाल फिल्म की नायिका का अंतिम चुनाव नहीं हुआ है। इसके लिए कई नायिकाओं से बातचीत चल रही है।

इस तरह की रिपोर्ट है कि फिल्म में नायिक की भूमिका में नरगिस फाखरी को लिया गया है, लेकिन एकता ने इससे इंकार किया। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि ये खबरें कहां से आईं। मुझे लगता है कि कुछ पत्रकार सपना देखते हैं और अगले दिन इसे छाप देते हैं।”

फिल्म के लिए नायिकाओं की सूची के बारे में एकता ने बताया, “हमारे पास कई नाम हैं, लेकिन जैसा कि मैंने बताया कि हमने अभी फिल्म लेखन पूरा किया है और हमें कई किरदारों के चयन पर चर्चा करनी है।”

उन्होंने कहा, “फिल्म की शूटिंग अगले महीने से शुरू हो रही है और हम अब भी कलाकारों को लेकर बातचीत कर रहे हैं। जब तक यह अंतिम रूप नहीं ले लेता, मैं किसी का नाम नहीं ले सकती।”

अटकलें लगाई जा रही थीं कि नरगिस फिल्म में अजहर की दूसरी पत्नी संगीता बिजलानी की भूमिका निभाएंगी। इस बीच, अभिनेत्री प्राची देसाई को फिल्म में अजहर की पहली पत्नी नौरीन के किरदार के लिए चुन लिया गया है।

एकता ने बताया, “फिल्म की कहानी लिखने में पूरा एक साल लग गया और मुझे लगता है कि किरदारों के चयन में भी समय लगेगा।”

टोनी डीसूजा निर्देशित और बालाजी मोशन पिक्चर्स तथा एमएसएम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनने जा रही ‘अजहर’ 1990 के दशक में भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी करने वाले मोहम्मद अजहरुद्दीन की जिंदगी पर आधारित होगी। इसमें इमरान हाश्मी अजहर का किरदार निभाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493