अतुल केशप श्रीलंका, मालदीव के लिए अमेरिका के राजदूत

अरुण कुमार

अरुण कुमार

वाशिंगटन, 7 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक अतुल केशप को श्रीलंका और मालदीव के लिए अमेरिका का राजदूत नियुक्त किया गया है। रिचर्ड राहुल वर्मा को भारत में अमेरिका का राजदूत बनाए जाने के बाद केशप इस क्षेत्र में राजनयिक नियुक्ति पाने वाले दूसरे भारतवंशी हैं।

केशप मौजूदा समय में दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो में सहायक उप विदेश मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। इस पद पर वह 2013 से हैं। सीनेट ने बुधवार को राजदूत के रूप में उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी।

केशप अपनी मौजूदा भूमिका में सहायक विदेश मंत्री निशा बिस्वाल के साथ काम करते हैं। बिस्वाल इस ब्यूरो का नेतृत्व करने वाली पहली भारतवंशी हैं। यह ब्यूरो भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान के लिए अमेरिकी नीति पर समन्वय का काम करता है।

केशप की नियुक्ति की पुष्टि हो जाने के बाद दक्षेस के आठ देशों में से तीन में अमेरिकी राजदूत भारतीय मूल के हो जाएंगे।

एक अन्य भारतवंशी, पुनीत तलवार विदेश और रक्षा विभागों के बीच एक पुल का काम करते हैं। वह राजनीतिक-सैन्य मामलों के सहायक मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।

सहायक वाणिज्य मंत्री और अमेरिका व विदेशी वाणिज्य सेवा के निदेशक के रूप में कार्यरत अरुण माधव कुमार अमेरिकी विदेश व्यापार को बढ़ावा देने संबंधित मामलों के प्रभारी हैं।

केशप के पिता केशप चंद्र सेन पंजाब से संबंध रखते हैं। जिस समय सेन नाइजीरिया में संयुक्त राष्ट्र के एक विकास अर्थशास्त्री के रूप में कार्यरत थे, उसी दौरान 29 जून, 1971 को अतुल पैदा हुए थे।

अतुल की मां जोए कलववर्ट अमेरिकी विदेश सेवा की अधिकारी हैं। सेन से उनकी मुलाकात लंदन में हुई थी और दोनों ने शादी कर ली। इस दंपति की चार संतानों में केशप लेसोथो, जाम्बिया, अफगानिस्तान और आस्ट्रिया में पले-बढ़े हैं।

केशप इसके पहले विदेश विभाग के पूर्व एशियाई एवं प्रशांत मामलों के ब्यूरो में एशिया प्रशांत आर्थिक सहयोग के लिए एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493