अनुभव की कमी से आखिरी ओवरों में हारे : होल्डर

बुलावायो, 24 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान जेसन होल्डर ने स्वीकार किया है कि अनुभव की कमी के चलते उनकी टीम जिम्बाब्वे में चल रही त्रिकोणीय श्रृंखला के अपने आखिरी के दो मैचों में आखिरी ओवरों में हारी।

होल्डर ने बुधवार को श्रीलंका के हाथों मिली एक रन से हार के बाद पत्रकारों से ये बातें कहीं।

क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में बुधवार को हुए त्रिकोणीय श्रृंखला के पांचवें मैच में श्रीलंका से मिले 331 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कैरेबियाई टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर 329 रन बना सकी।

एविन लुइस के 148 रनों की बदौलत वेस्टइंडीज इस बड़े लक्ष्य के काफी करीब तक पहुंचा, लेकिन आखिरी ओवरों में जरूरी 10 रन जुटाने में असफल रहा।

इससे ठीक पहले जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भी कैरेबियाई टीम आखिरी ओवरों में धैर्य खो बैठी और मैच टाई पर छूटा।

होल्डर ने कहा, “मेरे खयाल से इसके पीछे अनुभव की कमी है। ये ऐसी परिस्थितियां थी, जिसके हम आदी नहीं थे। हमारी टीम काफी युवा है। हर खिलाड़ी अभी अपनी पहचान बनाने में लगा है।”

कैरेबियाई कप्तान ने कहा, “हम पूरा मैच शानदार खेला और लक्ष्य के काफी करीब तक पहुंचे। एविन लुइस ने शानदार पारी खेली और हमें वहां पहुंचाया जहां से हम मैच जीत सकते थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493