अन्नू कपूर का ’40प्लस’

मुम्बई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अनु कपूर एक नए हास्य धारावाहिक 40प्लस के साथ दूरदर्शन पर आने की तैयारी में हैं। धारावाहिक का प्रसारण 31 अगस्त से शुक्रवार रात आठ बजे होगा।

अन्नू कपूर द्वारा निर्मित इस धारावाहिक की कहानी 40 वर्ष आयु के पार के उन लोगों की है, जिनकी गिनती न तो युवाओं में होती है और न ही बुजुर्गों में। वे परिवार को तो चलाते हैं, लेकिन कई बार वे सबके साथ रहते हुए भी अकेलापन महसूस करते हैं।

अधेड़ उम्र के 40 वर्ष के पार के लोगों के कुछ अपने शौक, कुछ इच्छाए-महत्वाकांक्षाएं, समस्याएं होती हैं। इस उम्र के लोगों को अपने लिए कुछ ऐसा वक्त चाहिए जो सिर्फ और सिर्फ उनका हो, जिसमें वे अपने दोस्तों के साथ वक्त बिता सकें, जिसमें ये लोग अपनी मर्जी से वह सबकुछ कर सकें जो करना चाहते हैं।

धारावाहिक ’40प्लस’ की कहानी में भी चार दोस्त हैं। डॉ. कुलकर्णी, हरिओम जोशी, सुरजीत ढिल्लों और मिस्टर जिंदल। इन सभी के अपने-अपने परिवार हैं, लेकिन फिर भी कुछ न कुछ इनके जीवन में कमी है। कैसे ये चारों दोस्त अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए अपने जीवन की समस्याओं से जूझते हुए भी हंसने के लिए कुछ पल चुरा लेते हैं, यही है इस धारावाहिक की कहानी।

अन्नू कपूर फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित इस धारावाहिक को निर्देशित किया है राजेश गुप्ता ने। इस धारावाहिक में अभिनय करने वाले कलाकार हैं बेंजामिन गिलानी, कैलाश कौशिक, रूपेश पटोले, जस्सी कपूर, प्रीतिका, भाग्य श्री और स्वाति कौशिक।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493