नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता विशाल मल्होत्रा क्रिकेट विज्ञापन ‘मौका मौका’ में मध्यम आयु वर्ग के व्यक्ति की भूमिका निभा चुके हैं, लेकिन टीवी शो के लिए वह मध्यम आयु वर्ग के किरदार निभाने के लिए उत्साहित नहीं हैं।
‘1920 लंदन’ और ‘रागिनी एमएमएस 2’ जैसी फिल्मों में नजर आए अभिनेता को पहचान विज्ञापन ‘मौका मौका’ में पाकिस्तानी क्रिकेटर प्रशंसक की भूमिका से मिली।
यह पूछे जाने पर कि विज्ञापन में मध्यम आयु वर्ग की भूमिका निभाने के बाद युवा अभिनेता क्या अधिक परिपक्व किरदार निभाने के लिए तैयार हैं? उन्होंने कहा, “वह विज्ञापन था। विज्ञापन अलग चीज है। यह एक शख्स की किशोर से लेकर मध्यम आयु वर्ग का व्यक्ति बनने की कहानी थी। अगर यह सीधे तौर पर मध्यम आयु वर्ग के व्यक्ति पर आधारित होता, तो मुझे लगता है कि मैं इसे नहीं करता।”
उन्होंने कहा, “लेकिन जब आप टीवी के बारे में बात करते हैं, तो मुझे परिपक्व भूमिकाएं निभाने में कुछ झिझक है। बेहतर है आप अपने उम्र के मुताबिक किरदार निभाएं, क्योंकि लोगों की मानसिकता वहीं है।”
सोनी एंटरटेंमेंट टेलीविजन के शो ‘ये प्यार नहीं तो क्या है’ में वह एक व्यवसायी के किरदार में नजर आ रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath