लॉस एंजेलिस, 19 जनवरी (आईएएनएस)। गायक रिकी मार्टिन का कहना है कि उन्होंने अपने करियर को बचाने के लिए अपने समलैंगिक होने की बात छुपाई और यह उनके लिए तकलीफदेह था।
रिकी मार्टिन समलैंगिक हैं और उन्होंने अपने दो साल पुराने पार्टनर यवार युसफ से शादी कर ली है।
‘ईऑनलाइन डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, मार्टिन ने ‘द डेली शो विद ट्रेवर नोअह’ में एक समलैंगिक के तौर पर अपने निजी संघर्षो को बयां किया।
उन्होंने कहा, “मेरे दोस्त, आपको नहीं पता कि मैंने कैसा महसूस किया। मैं उन दोस्तों से घिरा हुआ था जो मुझसे कहते थे ऐसा मत करना वरना तुम्हारा करियर खत्म हो जाएगा।”
उन्होंने कहा, “मैं उन लोगों के साथ था जो मुझसे प्यार करते थे। मेरे साथ कुछ लोग ऐसे थे जो होमोफोबिया (समलैंगिक व्यक्तियों से घृणा) का शिकार हो चुके थे। मैं ऐसे परिवेश में बड़ा हुआ जहां मुझसे कहा जाता था कि मेरी भावनाएं भयावह हैं। मेरी भावनाएं शैतानी हैं और यह तब और खराब हो जाता है जब आपको पता हो कि आपकों युवतियां पसंद करती हैं और आप एक सेक्स सिंबल हैं।”
उन्होंने कहा, “मैंने जब तक इसे जाहिर नहीं किया तब तक ये मेरे लिए बहुत तकलीफदेह था। मैं इसे और नहीं झेल सकता था। लेकिन अब मैं केवल खुद के बारे में सोचूंगा। लोग क्या सोचते हैं इसके बारे में नहीं।”
dharmpath.com dharmpath