नई दिल्ली, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। ग्रैमी अवार्ड विजेता डीजे और संगीतकार अफ्रोजैक ने कहा है कि उन्हें अपने भारतीय प्रशंसकों से लगाव है।
अफ्रोजैक इन दिनों भारत की यात्रा पर हैं।
अफ्रोजैक ने ईमेल पर दिए साक्षात्कार में आईएएनएस को बताया, “भारत महान संस्कृति वाला देश है। मुझे भारतीयपन पसंद है। मैं जब यहां आता हूं बहुत सकारात्मक महसूस करता हूं। मुझे अपने भारतीय प्रशंसकों से बेहद लगाव है, क्योंकि वे मुझे यूं ही नहीं छोड़कर जाने वाले।”
अफ्रोजैक ने कहा कि भारतीय संगीत प्रेमियों का जुनून कलाकारों को यहां आने पर मजबूर कर रहा है।
अफ्रोजैक ने 29 नवंबर को मुंबई में हुए स्मर्नोफ संगीत महोत्सव के अपने अनुभव को साझा करते हुए कहा, “यहां संगीत प्रस्तुति देने और 20,000 लोगों से अफ्रोजैक, अफ्रोजैक सुनने से बेहतर कुछ नहीं है।”
भारत में इलेक्ट्रॉनिक नृत्य संगीत (ईडीएम) के बारे में पूछे जाने पर, ‘रॉक द हाउस’ जैसे बेहद लोकप्रिय गीत रचने वाले अफ्रोजैक ने कहा कि अभी पूरी दुनिया में संगीत दिलचस्प है।
अफ्रोजैक 28 साल की उम्र में दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई वाले डीजे के रूप में फोर्ब्स की सूची में जगह बनाई।
अफ्रोजैक ने कहा कि वह चाहते हैं कि महत्वकांक्षी डीजे कड़ी मेहनत करें और दिल से संगीत बनाएं।
उन्होंने कहा, “अगर आप सचमुच संगीतकार बनना चाहते हैं तो संगीत रचने की कोशिश करें। अगर आप कोशिश नहीं करेंगे तो यह असंभव है। जब आप कोशिश करेंगे तभी यह संभव होगा।”
dharmpath.com dharmpath