कोच्चि, 18 फरवरी (आईएएनएस)। मलयालम फिल्म जगत की अभिनेत्री भावना का शुक्रवार रात कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था, लेकिन वह किसी तरह उनके शिकंजे से बाहर निकल पाने में सफल रहीं।
पुलिस ने कहा कि भावन तृसूर से कोच्चि लौट रही थीं, जब उनका अपहरण किया गया था। इस मामले में उनके कार चालक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस को अभिनेत्री के चालक की इस घटना में शामिल होने की आशंका है। ऐसी आशंका है कि वह घटना के लिए जिम्मेदार चार लोगों के गिरोह का सदस्य हो।
अभिनेत्री शुक्रवार देर रात फिल्म की शूटिंग के बाद तृसूर से कोच्चि लौट रही थीं, जब उनकी गाड़ी को पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मारी। इसके बाद दोनों वाहनों के चालकों के बीच विवाद हुआ। टक्कर मारने वाली गाड़ी के यात्री अभिनेत्री की कार में जबरन घुस गए और उन्हें लेकर फरार हो गए। लेकिन कुछ ही समय बाद वह किसी तरह भागने में कामयाब रहीं।
लोकसभा सदस्य और ‘मलयालम मूवी आर्टिस्ट एसोसिएशन’ के अध्यक्ष इनोसेंट ने संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने इस घटना के संबंध में मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से संपर्क करने की कोशिश की है।
इनोसेंट ने कहा, “मुझे उनके सचिव ने बताया कि वह दिल्ली जा रहे हैं। मैं उनसे बाद में बात करूंगा। इस घटना के संदर्भ में मैंने पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहरा से बात की है और उन्होंने मुझे कार्रवाई और सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।”
वहीं, विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथाला ने घटना पर हैरानी जताई है। उन्होंने कहा, “यदि एक सेलिब्रिटी के साथ ऐसा होता है तो आम लोगों का क्या होगा? यह हैरान करने वाला है।”
dharmpath.com dharmpath