काबुल, 16 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के पूर्वी पक्तिया प्रांत में शनिवार को तालिबान आतंकवादियों ने कुछ वाहनों को रोककर उनमें सवार 27 लोगों को अगवा कर लिया।
समाचार चैनल तोलो न्यूज ने पुलिस प्रमुख जालमई ओरयाखील के हवाले से बताया कि सैयद करम जिले में आतंकवादियों ने बीच सड़क पर कुछ वाहनों को रोककर उनमें सवार लोगों को अगवा कर लिया।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घटना सुबह पांच बजे के लगभग हुई। तालिबान आतंकवादियों ने सड़क को बंद कर रखा था।
अधिकारियों ने हालांकि घटना के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी।
तालिबान के प्रवक्ता जबिहुल्ला मुजाहिद ने ट्विटर पर लिखा कि अगवा लोगों में आठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं और संगठन शेष 19 लोगों से उनकी पहचान के बारे में पूछताछ कर रहा है।
उसने कहा कि यदि शेष 19 गैर सरकारी अधिकारी हैं, तो उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।
अफगानिस्तान में हाल के दिनों में अपहरण की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। इससे पहले फरवरी महीने में जाबुल में 19 बस यात्रियों को अगवा कर लिया गया था और कुछ कैदियों की रिहाई के बदले उन्हें छोड़ा गया था।
इस बीच, राष्ट्रपति अशरफ गनी ने काबुल के शाह अमलउल्ला खान हॉस्पीटल में रिहा किए गए बंदियों से मुलाकात की। उन्होंने बंदियों की रिहाई के बदले कैदियों को छोड़ने की बात से इनकार किया।
हालांकि जाबुल से ही अगवा किए गए 12 अन्य लोगों की स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि बंदियों की शांतिपूर्वक रिहाई के प्रयास जारी हैं।
dharmpath.com dharmpath