काबुल, 31 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में अमेरिकी बलों के हवाई हमले में इस्लामिक स्टेट (आईएस) के चार शीर्ष सलाहकार मारे गए।
अफगानिस्तान में अमेरिकी बलों के हवाले से समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, “अफगानिस्तान में अमेरिकी बलों ने कुनार प्रांत में एक हवाई हमले में आईएस के चार शीर्ष सलाहकारों की मौत की पुष्टि की है, जिसमें इस साल 11 जुलाई को आईएस की अफगानिस्तान इकाई का प्रमुख अबु सईद भी मारा गया था।”
बयान के मुताबिक, मारे गए चार आईएस सलाहकारों की पहचान शेख जियाउल्लाह, मौलवी हुबैब, हाजी शिरुल्ला और असदुल्ला के रूप में की गई है।
बयान में साथ ही कहा गया है कि इन चारों की अफगानिस्तान में अहम भूमिका थी।
अफगानिस्तान में अमेरिकी बलों के कमांडर जॉन निकल्सन ने बयान में कहा, “हम आईएस के खिलाफ अपना अभियान अथक जारी रखेंगे और अफगानिस्तान में उनके लिए कोई पनाहगाह नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath