काबुल, 13 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के दक्षिणी प्रांत हेलमंड के एक सरकारी कार्यालय में बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ से प्रांत की राजधानी लश्कर गाह में आधिकारिक सूत्रों ने बताया, “प्रांत के गवर्नर हाउस के निकट स्थित हज तथा धार्मिक मामलों के विभाग के कार्यालय में दो बंदूकधारियों ने सुबह करीब 10 बजे हमला कर दिया। सुरक्षाबलों तथा हमलावरों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन लोग मारे गए, जबकि 11 अन्य घायल हो गए।”
सूत्र ने कहा कि हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है। मृतकों में दो पुलिसकर्मी हैं और मुठभेड़ अभी जारी है।
अफगानिस्तान में मध्य अप्रैल से तालिबान के नेतृत्व वाले आतंकवादी गिरोह के हमले बढ़ गए हैं। उन्होंने लोगों से सरकारी कार्यक्रमों, सैन्य काफिलों तथा केंद्रों से दूर रहने को कहा, ताकि वे उनके हमले का शिकार न हों।
dharmpath.com dharmpath