काबुल, 1 मार्च (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के पुल-ए-खुमरी शहर पर आतंकवादियों ने रॉकेट दागकर हमला किया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। यह हमला मंगलवार की सुबह हुआ।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार पुलिस प्रवक्ता जबिउल्लाह शोजा ने कहा, “आतंकियों ने पुल-ए-खुमरी शहर पर रॉकेट दागा जो एक घर पर गिरा। विस्फोट में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।” उन्होंने कहा कि घायलों को उपचार के लिए अस्पाताल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि डांडे-ए गोरी और डांडे-ए शहाबुद्दीन जिलों में सेना और तालिबान लड़ाकों के बीच लड़ाई में पिछले एक माह में शहर पर अनेक रॉकेट और मोर्टार दागे गए हैं।
उधर, संयुक्त राष्ट्र मिशन की ओर से 14 फरवरी को जारी हुई रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध से बर्बाद हो चुके इस देश के विभिन्न भागों में फैली हिंसा में पिछले साल 3540 नागरिक मारे गए और 7450 लोग घायल हुए।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि 62 फीसदी मौतें तालिबान और अन्य आतंकी संगठनों के कारण हुईं, जबकि 17 प्रतिशत सुरक्षा बलों की कार्रवाई में और 17 प्रतिशत युद्ध के दौरान फटने से वंचित विस्फोटकों के बाद में फटने से हुई।
dharmpath.com dharmpath