अफगानिस्तान में बाल विवाह में 10 प्रतिशत की कमी : यूनिसेफ

काबुल, 29 जुलाई (आईएएनएस)। यूनिसेफ ने रविवार को जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि अफगानिस्तान में पिछले दशक में बाल विवाह में 10 प्रतिशत की कमी आई है लेकिन इसे कम करना अभी भी एक चुनौती है और इसके लिए बहुपक्षीय नीति की आवश्यकता है।

समाचार एजेंसी एफे ने संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) और 34 अफगान प्रांतों में से पांच शहरी और ग्रामीण इलाकों में मौजूद अफगान श्रम मंत्रालय द्वारा किए गए अध्ययन के हवाले से बताया कि 42 प्रतिशत परिवारों में कम से कम एक सदस्य है, जिसकी शादी 18 साल से पहले हुई थी, हालांकि यह आंकड़ा हर क्षेत्र के लिए अलग है।

अफगानिस्तान में यूनिसेफ के प्रतिनिधि एडेल खोदर ने एक बयान में कहा, “अफगानिस्तान में बाल विवाह धीरे-धीरे कम हो रहा है और हम इस प्रचलन को समाप्त करने तथा बाल अधिकारों के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता दिखाने के लिए सरकार के निरंतर प्रयासों की सराहना करते हैं।”

खोदर ने कहा, “फिर भी, इस प्रचलन को खत्म करने और 2030 तक बाल विवाह समाप्त करने के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए समाज के विभिन्न तबकों को कार्रवाई करने की आवश्यकता है।”

बाल विवाह के 78 प्रतिशत मामलों में पिता विवाह के बारे में निर्णय लेते हैं जबकि 56 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि विवाह के बारे में दूल्हा और दुल्हन से विचार-विमर्श करना चाहिए।

खोदर ने कहा, “बाल विवाह समाप्त होने से गरीबी का चक्र टूट जाएगा और लड़कियों एवं महिलाओं को अपने समाज में अवसरों में भाग लेने का मौका मिलेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493