काबुल, 2 मार्च (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में आतंकवादियों ने बुधवार को भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला किया। घटना में हताहतों के बारे में अभी तक कोई खबर नहीं मिली है। मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हमले का शक एक संदिग्ध फिदायीन हमलावर पर है, जिसने दोपहर के आसपास हमला किया।
घटनास्थल पर मौजूद पत्रकारों ने विस्फोट व गोलियां चलने की जानकारी दी। सुरक्षा बल बख्तरबंद वाहनों से घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक एक भारतीय राजनयिक ने कहा, “हमारे कर्मियों को निशाना बनाया गया, लेकिन सभी सुरक्षित हैं।”
वाणिज्य दूतावास के निकट एक दुकानदार ने कहा कि उसने एक भयानक विस्फोट के बाद इलाके में कई घायल लोगों को देखा।
इस इलाके में कई अन्य देशों के राजनयिक मिशन भी हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम इस घटना में हताहत हुए लोगों का विस्तृत विवरण प्रदान नहीं कर सकते हैं। नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों, दोनों के ही हताहत होने की आशंका है।”
इस दौरान सुरक्षाकर्मियों ने चेतावनी स्वरूप कई चक्र गोलियां भी दागीं।
किसी भी समूह ने अभी तक इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।
आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने जनवरी में जलालाबाद में पाकिस्तानी दूतावास को निशाना बनाकर किए गए हमलों की जिम्मेदारी ली थी, जो अफगानिस्तान में इस संगठन का पहला बड़ा हमला था।
यह हमला इस सप्ताह अफगानिस्तान सरकार व तालिबान के बीच सीधी शांति वार्ता से पहले हुआ है।
dharmpath.com dharmpath