काबुल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान में शनिवार को अलग-अलग जगहों पर हुई हिंसा में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कंधार प्रांत में आईईडी विस्फोटकों की चपेट में एक वाहन के आ जाने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
एक अधिकारी ने कहा, “बम की चपेट में आने वाले वाहन में नौ यात्री सवार थे। यह वाहन अर्गिस्तान और स्पिन बोल्डाक जिले के बीच सड़क पर लगाए गए बम की चपेट में आ गया। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षा बलों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।”
एक अन्य घटना पकटिया प्रांत में गार्डेज में घटी, जहां एक सुरक्षा चौकी पर वाहन में सवार हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई।
एक अधिकारी ने कहा कि हमला करने के बाद हमलावर भागने में सफल रहे।
तीसरी घटना कुंदुज प्रांत की है। दश्त-ए-अर्क जिले में एक घर में बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में तालिबान का आईईडी विशेषज्ञ नेमत उल्लाह मारा गया, जबकि उसके दो अन्य साथी घायल हो गए।
सुरक्षा बलों ने काबुल में हमला करने की फिराक में एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया और एक जिंदा आईईडी को नाकाम कर दिया।
उल्लेखनीय है कि अफगानिस्तान स्थित संयुक्त राष्ट्र मिशन के अनुसार, इस वर्ष की पहली तिमाही में ही हिंसक झड़पों और तालिबान हमलों में 600 नागरिकों की मौत हो चुकी है तथा 1,340 नागरिक घायल हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath