काबुल, 16 मई (आईएएनएस)। अफगान सुरक्षा बलों ने मंगलवार को तालिबान आतंकवादियों के साथ भीषण लड़ाई के बाद कुंदुज प्रांत के कला-ए-जाल जिले पर नियंत्रण कर लिया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, गवर्नर माबूबुल्ला सैयदी ने कहा, “अफगान सुरक्षा बलों ने जिले से आतंकवादियों को खदेड़ दिया, और अभी तक सुरक्षा बल के किसी सैनिक के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन लड़ाई के दौरान कई आतंकवादी मारे गए और घायल हुए हैं।”
तालिबान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के साथ कई दिनों तक चली लड़ाई के बाद ताजिकिस्तान की सीमा से सटे जिले से छह मई को उन्हें खदेड़ कर इस पर कब्जा कर लिया था।
कुंदुज के अलावा पड़ोसी प्रांत बगलान और तखार में भी पिछले कुछ महीनों में भीषण लड़ाई देखने को मिली है, क्योंकि तालिबान अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण क्षेत्र में सरकारी सुरक्षा बलों को चुनौती देने की कोशिश कर रहा है।
कुंदुज प्रांत में चली भीषण लड़ाई के कारण हजारों परिवारों को अपने घरों से पलायन करने और प्रांत में सुरक्षित जगह तलाशने पर मजबूर कर दिया है।
dharmpath.com dharmpath