काबुल, 8 मार्च (आईएएनएस)। अफगानिस्तान की राजधानी के सेना अस्पताल में बुधवार को हुए तीन विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई और 66 लोग घायल हो गए। इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
वजीर अकबर खान इलाके में सरदार मोहम्मद दाऊद खान अस्पताल में पहला विस्फोट सुबह करीब 9 बजे हुआ। इस इलाके में कई सरकारी एजेंसियां और उच्चायुक्त स्थित हैं।
आत्मघाती हमलावर ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। इसके बाद चार और हमलावर अस्पताल परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद दूसरा विस्फोट हुआ।
तीसरा बम विस्फोट करीब 10.45 बजे हुआ, जब हेलीकॉप्टर इमारत के ऊपर घूम रहे थे।
इस हमले में करीब 5 आत्मघाती हमलावर शामिल थे। एक आतंकवादी की विस्फोट में मौत हो गई और दो अन्य को सुरक्षा बलों ने मार गिराया।
बीबीसी के मुताबिक, अमाक न्यूज एजेंसी के जरिए आईएस ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
टोलो न्यूज ने गृह मंत्रालय के प्रवक्ता सिद्दीक सिद्दीकी के हवाले से कहा कि सुरक्षा बलों और हमलावरों के बीच में अस्पताल की इमारत में संघर्ष चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि तीन शव और 54 घायल लोगों को वाजी अकबर खान अस्पताल ले जाया गया और 12 गंभीर रूप से घायल लोगों को काबुल के आपातकालीन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राष्ट्रपति अशरफ गनी ने कहा कि हमले ने सभी मानवीय मूल्यों को कुचल दिया।
गनी ने बीबीसी से कहा, “सभी धर्मो में एक अस्पताल को प्रतिरक्षा स्थल माना जाता है और इस पर हमला करना पूरे अफगानिस्तान पर हमला करना है।”
टोलो न्यूज से एक चिकित्सक ने कहा, “मैंने देखा कि एक आत्मघाती हमलावर चिकित्सक की वर्दी पहना था और गोली चलाना शुरू कर दिया। मैं किसी तरह से उस क्षेत्र से बचने में कामयाब रहा।”
dharmpath.com dharmpath