वाशिंगटन, 22 मई (आईएएनएस)। अमेरिका के बाल्टिमोर शहर में अफ्रीकी मूल के अमेरिकी नागरिक फ्रेडी ग्रे की मौत के मामले में छह पुलिस अधिकारियों पर मुकदमा किया गया है।
अश्वेत फ्रेडी ग्रे (25) की गर्दन में गंभीर चोटों के कारण 19 अप्रैल को मौत हो गई थी। वह पुलिस हिरासत में इन गंभीर चोटों से जूझ रहा था। उसे 12 अप्रैल को पुलिस हिरासत में लिया गया था।
बाल्टीमोर की अटार्नी मर्लिन मोस्बी ने बताया कि गुरुवार को आरोपों में संशोधन किया गया है, लेकिन द्वितीय श्रेणी की हत्या (गैर इरादतन हत्या) सहित गंभीर आरोप अभी बरकरार हैं।
सीएनएन के मुताबिक, इस मामले में छह पुलिस अधिकारियों -सीजन गुडसन, विलियम पोर्टर, लेफ्टिनेंट ब्रायन राइस, एडवर्ड नीरो, साजेर्ंट एलिसिया व्हाइट और गारेट मिलर- पर आरोप लगाए गए हैं। दोषी पाए जाने पर इन अधिकारियों को लंबे कारावास की सजा मिल सकती है।
इन अधिकारियों पर अवैध गिरफ्तारी, दुर्व्यवहार, हिंसा, बिना इरादे के किसी व्यक्ति की हत्या करने के आरोप लगाए गए हैं।
गिरफ्तारी के बाद गैरी को ले जाने वाले वाहन के चालक गुडसन पर ज्यादा और सबसे गंभीर द्वितीय श्रेणी की हत्या का आरोप लगाया गया है।
मर्लिन ने बताया, “हमारी जांच अभी जारी है, अतिरिक्त जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है। मामले के दौरान जारी जांच में मिले सबूतों के आधार पर आरोपों को संशोधित किया जा सकता है।”
इन अधिकारियों को दो जुलाई को मुकदमे के लिए अदालत ले जाया जाएगा।
गैरी की मौत के बाद शहर में प्रदर्शन और दंगे भड़के थे। उसके अंतिम संस्कार के बाद भी पश्चिम बाल्टिमोर के कई इलाकों में दंगे भड़के थे, जिस कारण शांति बनाए रखने के लिए अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय गार्ड के हजारों अतिरिक्त सैनिक तैनात करने पड़े थे और शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा था।
dharmpath.com dharmpath