लंदन, 3 अगस्त (आईएएनएस)। अर्ध-पारदर्शी कार्बनिक सोलर सेलों के इस्तेमाल से नए ‘स्मार्ट’ सोलर सनग्लासेस तैयार किए गए हैं जो सुनने वाली मशीन जैसे उपकरणों को संचालित करने के लिए पर्याप्त विद्युत शक्ति उत्पन्न कर सकते हैं।
शोधकर्ताओं ने कहा कि यह आविष्कार खिड़कियों या छतों की ऊपरी सतह पर कार्बनिक सौर सेलों को लगाने जैसे भविष्य के अनुप्रयोगों का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।
जर्मनी की कार्लश्रूहे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (केआईटी) के एलेक्जेंडर कोल्समैन ने कहा, “हम उन जगहों पर सौर ऊर्जा लाना चाहते हैं जहां अन्य सौर प्रौद्योगिकियां असफल हो जाती हैं।”
केआईटी के एक छात्र डोमिनिक लैंडरर बताते हैं, “सोलर ग्लासेस का निर्माण एक उदाहरण है कि कैसे कार्बनिक सोलर सेलों को विभिन्न अनुप्रयोगों में नियोजित किया जा सकता है जो परंपरागत फोटोवोल्टिक्स प्रक्रिया के साथ संभव नहीं हो पाता है।”
सौर चश्मों में एक माइक्रोप्रोसेसर और दो छोटे डिस्प्ले को एकीकृत किया गया है, जो इन ‘स्मार्ट’ ग्लासेस को सौर प्रकाश की तीव्रता और परिवेश के तापमान को मापने की शक्ति देते हैं।
dharmpath.com dharmpath