अभिनेता अमित बहल ने राखी, डोली से माफी मांगी

मुंबई, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘बालिका वधू’ की ‘आनंदी’ प्रत्यूषा बनर्जी की मौत के बाद राखी सावंत और डोली बिंद्रा के ऊटपंटाग बयान व हरकतों पर उन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखने वाले अभिनेता अमित बहल ने बुधवार को उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगी।

अमित सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन (सीआईएनटीएए) के संयुक्त सचिव भी हैं।

अमित ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में समिति को भेजा अपना माफीनामा पढ़ा, जिसमें उन्होंने कहा, “मैं ‘प्रतिबंध’ और अन्य बयानों के लिए डोली बिंद्रा और राखी सावंत से माफी मांगना चाहूंगा। मैं मानता हूं कि इसमें पूरी तरह मेरी गलती है।”

उन्होंने कहा, “मुझे इस पर अफसोस है। मुझे इस तरह के बयान से पहले कार्यकारी समिति के अपने सदस्यों से बात करनी चाहिए थी। अगर समिति, राखी जी और डोली जी मुझे माफी देते हैं, तो मैं बहुत आभारी रहूंगा।”

अमित ने जिन बयानों में राखी और डोली पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी, वो 13 अप्रैल को एक अग्रणी मनोरंजन सप्लीमेंट में प्रकाशित हुए थे।

उल्लेखनीय है कि राखी सावंत ने आत्महत्याओं को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया था कि छत पर पंखे लगाने पर रोक लगा दी जाए, जबकि डोली ने प्रत्यूषा के पार्थिव शरीर की तस्वीरें साझा की थीं और दावा किया था कि प्रत्यूषा के माथे पर सिंदूर लगा हुआ था।

वहीं सीआईएनटीएए महासचिव व अभिनेता सुशांत सिंह ने साफ कर दिया है कि वो अमित के निजी बयान थे और सीआईएनटीएए ऐसा नहीं सोचता है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें किसी भी टेलीविजन कलाकार पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार नहीं है और न वे ‘नैतिकता के ठेकेदार’ हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493