मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। अपनी जबर्दस्त कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर अभिनेता रितेश देशमुख का कहना है कि ‘हाउसफुल 3’ के उनके सह-अभिनेता अभिषेक बच्चन की कॉमिक टाइमिंग कमाल की है।
रितेश ने यहां एक समूह साक्षात्कार में संवाददाताओं को बताया, “वह एक कमाल के अभिनेता हैं और उनकी कॉमिक टाइमिंग जबर्दस्त है। मैंने करीब आठ सालों से उनके साथ काम नहीं किया है। मैं उनके साथ काम करने को लेकर उत्साहित था।”
रितेश व अभिषेक पूर्व में ‘ब्लफमास्टर’ व ‘नाच’ फिल्म में साथ काम कर चुके हैं।
‘हाउसफुल 3’ के निर्देशक साजिद-फरहाद हैं, जबकि इसके पहले दो भाग का निर्देशन साजिद खान ने किया था। रितेश का कहना है कि उन्हें साजिद की कमी खली।
रितेश ने कहा, “साजिद व फरहाद ने ‘हाउसफुल 2’ की कहानी लिखी थी, तो वे इस जोन से पूरी तरह अंजान नहीं हैं..साजिद खान एक करीबी दोस्त हैं और हां, हमें उनकी कमी खली।”
अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, जैकलिन फर्नाडीज, नरगिस फाखरी व लिसा हेडन अभिनीत यह फिल्म तीन जून को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath