मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई सिटी एफसी के गोलकीपर अमरिंदर सिंह ने क्लब के साथ अपने करार को तीन वर्षो तक बढ़ाया है। 24 वर्षीय अमरिंदर 2021 तक मुंबई क्लब से जुड़े रहेंगे।
अमरिंदर सिंह ने मुंबई एफसी के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वह इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के 2016 सत्र में बेंगलुरू एफसी से लोन पर मुंबई में शामिल हुए थे।
अमरिंदर ने 2016 सत्र में टीम के लिए छह मैच खेले जिसमें सिर्फ तीन गोल खाए। इस दौरान उन्हें गोल्डन ग्लव पुरस्कार भी जीता।
अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर अमरिंदर टीम मुंबई सिटी एफसी के नियमित खिलाड़ी हो गए और 2017-18 सत्र से पहले वह पहले खिलाड़ी थे जिसे टीम ने रिटेन किया था। उन्होंने लीग में टीम के लिए कुल 16 मैच खेले।
अमरिंदर ने कहा, “पिछला सत्र मैंने मुंबई में बिताया जो मेरे लिए पेशेवर और निजी स्तर पर काफी लाभदायक रहा। जब मुझे यह मौका मिला कि मैं इस बेहतरीन क्लब में कुछ और समय बिता सकता हूं, तो दोबारा सोचना नहीं पड़ा। मेरा मानना है कि मुंबई सिटी एफसी का सेट-अप शीर्ष स्तर का है और हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
अमरिंदर ने कहा, “यहां टीम प्रबंधन और प्रशंसक बेहतरीन हैं और हमेशा आपकी सहायता करते हैं। मैं मैदान पर उतरकर उनके लिए मैच जीतने का इंतजार कर रहा हूं।”
क्लब के सीईओ इंद्रानिल बलाह ने कहा, “हम अमरिंदर को अगले तीन साल के लिए अपने में क्लब में रखकर बहुत खुश हैं। हमारे विचार वह देश के सबसे अच्छे गोलकीपर हैं ओर पिछले दो वर्षो में उन्होंने अपने आप को साबित किया है।”
बलाह ने कहा, “वह बहुत ही मेहनती एवं पेशेवर हैं और उनपर भरोसा किया जा सकता है। हमारा क्लब भाग्यशाली है अगले कुछ वर्षो हम उनकी सेवाएं मिलती रहेंगी।”
dharmpath.com dharmpath