मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। निर्देशक अनुराग बसु ने कहा कि उन्हें यह देखकर सुखद आश्चर्य हुआ कि अभिनेता अमिताभ बच्चन के अंदर का बच्चा आज भी जीवित है।
अमिताभ ने रविवार को रणबीर कपूर और कटरीना कैफ की हालिया रिलीज फिल्म ‘जग्गा जासूस’ को नए तरह की और बहुत अच्छे से बनाई गई फिल्म बताते हुए प्रशंसा की थी। उन्होंने इसके संपादन की भी तारीफ की थी। फिल्म के निर्देशक अनुराग बसु हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बसु ने कहा, “अमिताभ बच्चन सर, मुझे सुखद हैरत है कि आपके अंदर का बच्चा आज भी जिंदा है, अगर ऐसा नहीं होता तो जग्गा जासूस आपको पसंद नहीं आती।”
‘जग्गा जासूस’ तीन साल के लंबे इंतजार के बाद पिछले सप्ताह शुक्रवार को रिलीज हुई थी। इसने अपनी रिलीज के पहले दिन भारत में 8.57 करोड़ का कारोबार किया था।
इस फिल्म में रणबीर ने जग्गा का किरदार निभाया है जो अपने पिता की खोज करता है।
‘बर्फी’ के बाद इस फिल्म के जरिए रणबीर और अनुराग की जोड़ी एक बार दर्शकों को देखने को मिली है।
dharmpath.com dharmpath