मुंबई, 18 जनवरी (आईएएनएस)। अभिनेता धनुष को यूं तो अमिताभ बच्चन की फिल्में बहुत पसंद हैं, लेकिन वे खुद को इतना काबिल नहीं मानते हैं कि वे उनकी रीमेक फिल्मों में काम कर सकें।
धनुष अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म ‘शमिताभ’ में नजर आएंगे। अमिताभ बच्चन की फिल्मों के रीमेक में काम करने के सवाल पर धनुष ने आईएएनएस से कहा, “मैं उनकी फिल्म बिल्कुल नहीं करूंगा क्योंकि मैं उसे सफल बनाने का माद्दा नहीं रखता। मेरे में उनकी फिल्में करने जितनी काबिलियत नहीं है। जहां तक उनकी फिल्मों का सवाल है, मुझे ‘शोले’ और ‘दीवार’ बहुत पसंद है।
आर. बालाकृष्णन द्वारा निर्देशित फिल्म ‘शमिताभ’ में अक्षरा हासन भी नजर आएंगी।
दक्षिण भारतीय फिल्मों के सितारे धनुष ने कहा कि वह अभी भी हिदी सीख रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं अभी भी हिंदी भाषा सीख रहा हूं। इसमें कुछ समय लगेगा। मैं अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से हिंदी में बात करने की कोशिश करता हूं। वे मेरी गलतियों पर मुझे टोकते रहते हैं।”
दक्षिण भारतीय फिल्में और बॉलीवुड दोनों के एक साथ संभालने के सवाल पर उन्होंने कहा, “अगर आप सावधानीपूर्वक तैयारी करें तो आपके पास हर चीज के लिए समय होगा। मेरे लिए दोनों ही फिल्म उद्योग बराबर रूप से महत्वपूर्ण हैं।”
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath