अमिताभ संग काम करने में डर नहीं लगा : तापसी पन्नू

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री तापसी पन्नू ने फिल्म ‘पिंक’ में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ पहली बार काम किया है। उत्साह से भरी तापसी ने कहा कि उन्हें इस महान कलाकार के साथ काम करने में जरा भी डर नहीं लगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी हस्ती के साथ काम करने को लेकर डरी हुई थीं, तापसी ने हैदराबाद से आईएएनएस को फोन पर बताया, “नहीं, यह मौका डरावना नहीं था। वास्तव में यह रोमांचक था, मैं बिल्कुल भी घबराई नहीं थी, मैं बहुत उत्साहित थी। मैंने उनके साथ उन मुश्किल दृश्यों को पर्दे पर साझा करने का आनंद लिया।”

तापसी (29) का कहना है कि 73 वर्षीय अभिनेता अमिताभ के साथ काम करने से उन्हें एक नई ऊंचाई मिली है।

‘पिंक’ के बारे में बात करते हुए फिल्म ‘बेबी’ की अभिनेत्री का कहना है कि यह फिल्म दुष्कर्म के बारे में नहीं है। यह वास्तविक जीवन की घटनाओं और अनुसंधान पर आधारित है। अदालत में यौन छेड़छाड़ के कई मामले हैं, यह किसी खास मामले पर आधारित नहीं है।

अनिरुद्ध रॉय चौधरी निर्देशित ‘पिंक’ दिल्ली की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में अमिताभ बच्चन वकील की भूमिका में हैं।

शुजीत सरकार द्वारा सह-निर्मित यह फिल्म 16 सितंबर को रिलीज होने के लिए तैयार है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493