वाशिंगटन, 30 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश विभाग ने कहा कि उत्तर कोरिया के लिए उसके विशेष दूत एक से छह फरवरी के बीच दक्षिण कोरिया और जापान का दौरा करेंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर कोरिया नीति के विशेष प्रतिनिधि और कोरिया व जापान के उप सहायक सचिव जोसेफ युन टोक्यो व सियोल में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मुलाकात कर उत्तर कोरिया मुद्दे पर समन्वय और अन्य गठबंधनों व द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
टोक्यो में युन नॉर्वेइयन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स के टोडा पीस इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित इंटरनेशनल कोलोकुइम ऑन बिल्डिंग स्टेबल पीस इन नॉर्थ ईस्ट एशिया कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।
दक्षिण कोरिया में आयोजित होने वाले शीतकालीन ओलम्पिक 2018 में भाग लेने पर बनीं सहमति से कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव कम हुआ है। बावजूद इसके वाशिंगटन ने प्योंगयांग के खिलाफ ‘अधिकतम दबाव’ डालने वाले प्रतिबंधों की प्रतिबद्धता जताई और 24 जनवरी को उत्तर कोरिया पर नए प्रतिबंध लगाए।
dharmpath.com dharmpath