अमेरिका : कैलिफोर्निया के बार में गोलीबारी, 12 लोग मरे (लीड-1)

वाशिंगटन, 8 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एक बार में हुई गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी सहित 12 लोग मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी करने वाला शख्स भी मौके पर मृत पाया गया।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि थाउजेंड ओक्स स्थित बॉर्डरलाइन बार व ग्रिल में स्थानीय समयानुसार, बुधवार की रात करीब 11.20 बजे गोलीबारी शुरू हुई। गोलीबारी की इस घटना में वेंट्यूरा काउंटी शेरिफ के डिप्टी सार्जेट रॉन हेलस भी मारे गए।”

हेलस 29 साल से पुलिस बल में कार्यरत थे और वह 2019 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके ऊपर कई गोलियां बरसाई गईं। स्थानीय अस्पताल में उनको मृत घोषित कर दिया गया।

शेरिफ जियोफ डीन ने मीडिया को बताया कि संदिग्ध बंदूकधारी बार के भीतर मृत पाया गया। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। गोलीबारी की मंशा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि वारदात के समय बार में करीब दो सौ लोग थे जो कॉलेज कंट्री म्यूजिक नाइट में हिस्सा ले रहे थे।

संदिग्ध ने दर्जनों गोलियां बरसाईं। पुलिस का मानना है कि उसने खुद को भी गोली मार ली।

चश्मदीदों ने बताया कि बंदूकधारी ने जब गोलियां बरसाना शुरू किया तो बार में अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने कहा कि उन्होंने भागने के लिए कुर्सियों से खिड़कियां तोड़ डालीं, जबकि कुछ लोग शौचालय में छिप गए।

चश्मदीद होल्डन हारा ने बताया, “एक आदमी आगे के दरवाजे से दाखिल हुआ और गोलियां बरसाने लगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493