वाशिंगटन, 23 मई (आईएएनएस)। अमेरिका और क्यूबा के बीच कूटनीतिक संबंधों को सामान्य करने के लिए दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों की चौथे दौर की वार्ता शुक्रवार को समाप्त हुई। दोनों देशों ने बताया कि वे एक-दूसरे के यहां दूतावास खोलने के ‘बेहद करीब’ हैं। इसके मार्ग में आने वाली आखिरी बाधाओं को आनेवाले सप्ताहों में दूर कर लिया जाएगा और यह आवश्यक नहीं है कि इसके लिए फिर शीर्ष अधिकारियों की बैठक हो।
बैठक गुरुवार को वाशिंगटन में शुरू हुई थी। अमेरिकी विदेश मंत्रालय में सहायक सचिव रॉबर्टा जैकबसन ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया, “हमारी बातचीत में प्रगति हुई है, लेकिन कई मुद्दे अब भी बचे हैं, जिस पर बात होगी। लेकिन इसके लिए शीर्ष अधिकारियों की मुलाकात आवश्यक नहीं है। दोनों देशों में एक-दूसरे के हित समूह हैं, जो वार्ता आगे बढ़ा सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “पिछले पांच महीनों में हमने महत्वपूर्ण प्रगति की है और हम अपने संबंध फिर शुरू करने तथा एक-दूसरे के यहां दूतावास खोलने के बेहद करीब हैं। वार्ता का यह दौर बेहद कारगर रहा।”
वहीं क्यूबा की मुख्य वार्ताकार विदेश मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी जोसेफिना विडाल ने एक बयान में कहा, “दोनों पक्षों ने दूतावासों कामकाज के तौर-तरीकों पर सहमति जताई है, इसलिए हम अगले कुछ सप्ताह वार्ता करते रहेंगे।” उन्होंने हालांकि यह नहीं बताया कि वार्ता फिर शीर्ष अधिकारियों के बीच होगी या यह निचले स्तर की होगी?
उन्होंने बताया कि इस सप्ताह की वार्ता में इस बात पर ध्यान केंद्रित किया गया कि दूतावास किस तरह काम करेंगे और राजनयिकों का व्यवहार कैसा होगा?
dharmpath.com dharmpath