तेहरान, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह खामेनेई ने कहा है कि अमेरिका की आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) को नेस्तनाबूद करने में कोई रुचि नहीं है और आरोप लगाया कि इसकी बजाए वह मध्य पूर्व में कुछ आतंकवादी समूहों को बचाने के प्रयास में लगा हुआ है।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट में सोमवार को बताया गया कि खामेनेई ने रविवार को तेहरान में राष्ट्रीय इराकी गठबंधन (एनआईए) के नेता अम्मार हाकिम के साथ एक बैठक के दौरान यह टिप्पणी की।
उन्होंने सलाह दी कि एनआईए को अमेरिकयों पर भरोसा नहीं करना चाहिए और चेताया कि अमेरिका हमेशा से इराक जैसे शक्तिशाली मुस्लिम देशों के खिलाफ रहा है।
खामेनेई ने इराकी शिया समूहों के बीच एक गठबंधन का स्वागत किया और इस तरह की एकता की नींव को मजबूत बनाने की जरूरत पर बल दिया।
उन्होंने इराक में प्रधानमंत्री हैदर अल-अबादी की सरकार के कदमों का समर्थन किया, खासतौर से पॉपुलर मोबिलाइजेशन इकाईयों (पीएमयू) को की गई मदद के लिए, जिसे हश्द अल शाबी बल के रूप में भी जाना जाता है।
खामेनेई ने कहा कि पीएमयू एक महत्वपूर्ण संसाधन है और इराक की राष्ट्रीय संपत्ति है, जिसकी मदद करनी चाहिए और इसे मजबूत किया जाना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath