सियोल, 11 फरवरी (आईएएनएस)। प्योंगयांग द्वारा हाल में परमाणु परीक्षण व रॉकेट प्रक्षेपण के प्रतिक्रिया स्वरूप अमेरिका ने अपनी एक परमाणु क्षमता संपन्न पनडुब्बी को दक्षिण कोरिया रवाना किया है।
समाचार एजेंसी एफे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आठ वर्षो से सेवारत वर्जीनिया क्लास पनडुब्बी यूएसएस नॉर्थ कैरोलिना (एसएसएन-777) की महत्तम गति 46 किलोमीटर प्रति घंटे है और यह टोमाहॉक क्रूज मिसाइल व टॉरपीडो दागने में सक्षम है।
प्रवक्ता ने कहा कि दक्षिण कोरिया की समुद्री सीमा में इस पनडुब्बी की तैनाती के साथ ही अमेरिका ने दक्षिण कोरिया की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है और उत्तर कोरिया को एक चेतावनी संदेश दिया है।
प्रवक्ता ने दावा किया कि अमेरिका रडार से बचने की क्षमता वाले दो नए लड़ाकू विमान संभवत: बी-2 बमवर्षक विमान व एफ-22 राफ्टर विमान दक्षिण कोरिया में तैनात करने पर विचार कर रहा है।
दक्षिण कोरिया में इस पनडुब्बी की तैनाती को उत्तर कोरिया द्वारा परमाणु परीक्षण व रविवार को किए गए रॉकेट प्रक्षेपण के प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है, जिसकी सियोल व अमेरिका ने निंदा करते हुए इसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का उल्लंघन करार दिया है।
अमेरिका ने दक्षिण कोरिया की रक्षा के लिए अपने 28,500 सैनिकों को दक्षिण कोरिया में पहले से ही तैनात कर रखा है।
dharmpath.com dharmpath