अमेरिका ने रूसी विमान दुर्घटना पर संवेदना जताई

वॉशिंगटन, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने रूसी यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने और इसमें 200 से अधिक यात्रियों की मौत पर संवेदना जताई है।

रूस का यात्री विमान शनिवार को मिस्र के सिनाई प्रायद्वीप में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 224 लोग सवार थे। हादसे में सभी यात्रियों के मारे जाने की बात कही गई है।

अमेरिका विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि केरी ने रूस के विदेश मंत्री सेर्गेई लावरोव से शनिवार को बात कर दुर्घटना में मारे गए यात्रियों के परिजनों और मित्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

केरी ने आवश्यकता पड़ने पर अमेरिकी सहायता की पेशकश भी की।

रूसी विमानन कंपनी कोगालीमाविया के विमान एयरबस ए-321 ने स्थानीय समयानुसार शनिवार सुबह 5.51 बजे उड़ान भरी थी और 23 मिनट बाद ही उसका रडार से संपर्क टूट गया था। खोजबीन के बाद दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबों को सिनाई प्रायद्वीप में देखा गया।

विमान मिस्र के शर्म अल-शेख से रूस के सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा था।

आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट के प्रति निष्ठा जताने वाले सिनाई में सक्रिय गिरोह ‘सिनाई स्टेट’ ने ट्विटर पर विमान को मार गिराने का दावा किया है। उसका कहना है कि उसने सीरिया में रूसी सेना की कार्रवाई का बदला लेने के लिए विमान को निशाना बनाया, जिसमें सभी यात्री मारे गए।

अधिकारियों ने हालांकि विमान दुर्घटना का कारण विमान में आई तकनीकी खामी को बताया है और इससे इंकार किया है कि इसे किसी ने निशाना बनाया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493