अमेरिका ने रूस में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की निंदा की

वाशिंगटन/मास्को, 27 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश विभाग ने रूस में विपक्षी नेता एलेक्सी नावाल्नी समेत बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की ‘कड़े शब्दों में निंदा’ की है।

समाचार पत्र ‘द टेलीग्राफ’ के मुताबिक, रूस के 80 शहरों में रविवार को भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शन हुए जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। मास्को और सेंट पीटर्सबर्ग में बड़ी संख्या में लोगों ने इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया।

मास्को पुलिस ने समाचार एजेंसी तास को बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या 500 से अधिक है।

पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों पर प्रशासनिक कार्रवाई होगी, जुर्माना लगेगा या उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

मानवाधिकार संस्था ओवीडी-इन्फो ने मास्को में हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या 700 बताई है।

देश में अगले साल आम चुनाव में राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के खिलाफ चुनाव लड़ने की उम्मीद कर रहे एलेक्सी नावाल्नी को भी रविवार सुबह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मार्क टोनर ने रविवार शाम को जारी बयान में कहा कि हम नावाल्नी की गिरफ्तारी के बारे में सुनकर चिंतित हैं। उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लिए जाने को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया।

टोनर ने कहा, “शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों, मानवाधिकार पर्यवेक्षकों और पत्रकारों को हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।”

उन्होंने कहा, “अमेरिका इस स्थिति पर नजर बनाए रखेगा। उन्होंने रूस सरकार से शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों की तत्काल रिहाई का आग्रह किया।”

नावाल्नी एक फिल्म के प्रोड्यूसर हैं जिसमें दिखाया गया है कि प्रधानमंत्री दिमित्रि मेदवेदेव ने संदिग्ध तरीके से अकूत संपत्ति बना ली है। इस फिल्म के सामने आने के बाद रूस में प्रदर्शन शुरू हो गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493