इस्लामाबाद, 26 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी वित्त विभाग ने ऐलान किया है कि वह छह ऐसे लोगों पर प्रतिबंध लगा रहा है जो कथित रूप से तालिबान और अफगान आतंकी समूह हक्कानी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, विभाग ने छह लोगों, जो या तो पाकिस्तानी हैं या अफगानिस्तानी हैं और पाकिस्तान में रह रहे हैं, की अमेरिकी वित्त प्रणाली तक पहुंच पर रोक लगा दी है।
अमेरिकी वित्त विभाग की अंडर सेक्रेटरी सिगल मैंडेलकर ने गुरुवार को कहा, “आज की यह कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दक्षिण एशिया रणनीति को समर्थन देती है।”
मैंडेलकर ने कहा “पाकिस्तानी सरकार को तालिबान और हक्कानी नेटवर्क को पनाह देने से इनकार करने और आतंकवादियों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता को निशाना बनाने के लिए हमारे साथ काम करना चाहिए।”
अमेरिकी सरकार द्वारा पाकिस्तान को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में कटौती करने के तीन सप्ताह बाद यह प्रतिबंध सामने आया है। अमेरिका ने पाकिस्तान पर इन समूहों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए सहायता में कटौती कर दी थी।
dharmpath.com dharmpath