अमेरिका में नस्ली हमले में भारतीय की मौत (लीड-1)

न्यूयॉर्क, 24 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के कंसास राज्य में पूर्व नौसैनिक ने एक भारतीय नागरिक की हत्या कर दी, जबकि एक अन्य भारतीय नागरिक को घायल कर दिया। हालांकि इस दौरान एक अमेरिकी नागरिक ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर ने उसे भी गोली मारकर जख्मी कर दिया।

घटना कंसास राज्य के ओलेथ में बुधवार रात की है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावर ने इन दोनों को ‘मध्य-पूर्व का नागरिक’ समझकर उन पर गोली चलाई। वहीं, हिन्दू अमेरिकन फाउंडेशन (एचएएफ) ने हमले को नस्ली करार दिया है।

‘द कंसास सिटी स्टार’ ने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से बताया कि पूर्व नौसैनिक एडम डब्ल्यू.परिंटन ने भारतीय नागरिक श्रीनिवास कुचीभोतला और आलोक मदसानी पर यह कहते हुए गोली चला दी कि ‘मेरे देश से निकल जाओ।’ इस घटना में कुचीभोतला की मौत हो गई, जबकि मदसानी घायल हो गए।

एचएएफ ने हालांकि इसे नस्ली अपराध करार दिया, लेकिन प्रशासन ने अभी इसे नस्ली हिंसा करार न देते हुए कहा कि वे अभी मामले की जांच कर रहे हैं।

एडम की गोली से घायल मदसानी और बीच-बचाव को आए अमेरिकी नागरिक इयान ग्रिलॉट (24) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

‘द स्टार’ ने स्थानीय पुलिसकर्मी के हवाले से बताया कि एक बारटेंडर ने सूचना दी कि एक शख्स यह कहता फिर रहा है कि उसने ‘मध्य-पूर्व के दो लोगों’ को मार दिया। इसके बाद उसे पड़ोसी मिसौरी राज्य के क्लिंटन शहर से गिरफ्तार किया गया।

ओलेथ के पुलिस प्रमुख स्टीवन मेंके ने कहा, “यह दुखद और मूर्खतापूर्ण हिंसक वारदात थी।”

मृतक के लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, कुचिभोतला (32) ने 2005 में हैदराबाद के जवाहरलाल नेहरू प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री ली थी, जबकि अल पासो स्थित टेक्सास विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री ली थी। वह उभोक्ता नौवहन प्रणलियों के विख्यात इलेक्ट्रॉनिक कंपनी, गार्मिन के साथ एविएशन प्रोग्राम मैनेजर के रूप में काम कर रहे थे।

कुचिभोतला के पूर्व नियोक्ता, रॉकवेल कॉलिन्स के प्रबंधक रॉड लार्सन ने द स्टार को बताया, “वह बहुत होशियार था। उसका असाधारण व्यक्तित्व था।” वहीं, मदासानी (32) ने हैदराबाद के वसावी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से डिग्री हासिल की थी। वह भी गार्मिन में प्रबंधक थे।

एचएएफ ने इन हत्याओं की निंदा की है। एचएएफ के गवर्मेट रिलेशंस विभाग के निदेशक जे. कंसारा ने कहा, “हमने अमेरिकी न्याय विभाग एवं स्थानीय कानून प्रवर्तनालय विभाग से हत्या की जांच करने को कहा है।”

उन्होंने कहा, “इससे कम पीड़ितों एवं उनके परिवार वालों के लिए अन्याय होगा।” द स्टार के मुताबिक, संघीय अधिकारियों का कहना है कि वे इसकी जांच कर रहे हैं कि क्या यह घटना पूर्वनियोजित थी।”

द स्टार के मुताबिक, कंसास के कार्यवाहक संघीय अभियोजक टॉम बील ने कहा कि उनका कार्यालय मामले की जांच कर रहा है और यकीनन इस मामले में अभी और खुलासे हो सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493