अमेरिका में विरोध प्रदर्शनों के दौरान 9 पुलिसकर्मी घायल

वाशिंगटन, 17 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के सेंट लुइस के मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग का कहना है कि हत्या के आरोप में बरी किए गए पूर्व पुलिसकर्मी के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

साल 2011 में श्वेत पुलिस अधिकारी ने एक अश्वेत संदिग्ध को गोली मार दी थी।

सेंट लुइस की मेयर लिंडा क्रिउसन के घर के बाहर शुक्रवार रात को प्रदर्शन हुए, जहां प्रदर्शनकारियों ने पत्थरों से उनके घर की खिड़कियां तोड़ दी और उनके घर पर लाल पेंट फेंका। इसके बाद पुलिस ने इन्हें तितर-बितर कर दिया।

सेंट लुइस पुलिस विभाग के कार्यवाहक आयुक्त लॉरेंस ओटूले ने जारी बयान में कहा कि शहर के कई स्थानों पर हुई घटनाओं के बाद अधिकारियों ने मुस्तैदी से काम किया।

उन्होंने कहा, “कई प्रदर्शनकारियों ने संपत्तियों को नष्ट करना और पुलिस अधिकारियों पर हमले करना शुरू कर दिया। फिलहाल, सेंट लुइस के नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हमें खबर है कि मिसौरी का गश्ती कर रहा जवान भी घायल हुआ है।”

मेयर के घर के अलावा सेंट लुइस की अन्य इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसमें एक रेस्तरां और पुस्तकालय भी शामिल हैं।

ओटूले ने कहा, “कई बार प्रदर्शनकारियों को जाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों पर ईंटों और बोतलों से हमला करने के बाद पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग किया।”

गौरतलब है कि मिसौरी की अदालत ने शुक्रवार को 36 वर्षीय जेसन स्कॉटले को हत्या के मामले में बरी कर दिया था। स्कॉटले सेंट लुइस का पूर्व पुलिस अधिकारी था।

स्कॉटले पर अफ्रीकी मूल के अमेरिकी नागरिक एंथनी लैमर स्मिथ (24) की हत्या का आरोप था। इस मामले को नस्लीय हमले के तौर पर देखा गया कि श्वेत स्कॉटले ने अश्वेत स्मिथ को जानबूझकर गोली मारी थी क्योंकि वह अश्वेत था। हालांकि, स्कॉटले ने अपने बचाव में कहा कि उन्हें आत्मरक्षा के लिए स्मिथ पर गोली चलाई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493