मनीला, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका व फिलीपींस की नौसेना ने अपना संयुक्त सैन्य अभ्यास तयशुदा अवधि से एक दिन कम करने का फैसला किया है। फिलीपींस नौसेना के प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रवक्ता ने कहा कि सैन्य अभ्यास का समापन कार्यक्रम मंगलवार को मनीला में नौसेना मुख्यालय में होगा।
सैन्य अभ्यास चार अक्टूबर को शुरू हुआ था, जो फिलीपींस के लुजोन द्वीप तथा पलवान प्रांत के विभिन्न हिस्सों में हुआ।
प्रवक्ता ने कहा, “सभी महत्वपूर्ण अभ्यास हो चुके हैं। सभी महत्वपूर्ण अभ्यास समय से पहले ही हो जाने के कारण हमने समापन समारोह करने का फैसला किया।”
फिलीपींस के राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते ने इससे पहले कहा था कि वह अपने कार्यकाल के दौरान अमेरिका के साथ सैन्य अभ्यास को बंद करना चाहते हैं और वह फिलीपींस की सेना को दक्षिण चीन सागर में अमेरिका के साथ संयुक्त गश्त से रोक देंगे।
अमेरिका व फिलीपींस प्रतिवर्ष तीन महत्वपूर्ण संयुक्त अभ्यास व 28 छोटे क्रॉस-ट्रेनिंग अभ्यास करते हैं।
dharmpath.com dharmpath