अमेरिकी ओपन : फाइनल में पहुंचे पेस और सानिया, बोपन्ना बाहर (लीड-1)

न्यूयार्क, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। दिग्गज भारतीय टेनिस स्टार लिएंडर पेस और सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त महिला युगल खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने अपने-अपने वर्गो में जीत हासिल करते हुए वर्ष के चौथे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट अमेरिकी ओपन के फाइनल में प्रवेश कर लिया। रोहन बोपन्ना हालांकि मिश्रित युगल और पुरुष युगल वर्ग में हार गए हैं।

महिला युगल वर्ग के सेमीफाइनल में सानिया ने बुधवार को स्विट्जरलैंड की अपनी जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस के साथ 11वीं वरीय इटली की सारा ईरानी और फ्लाविया पेनेटा को हराया।

शीर्ष वरीय सानिया-मार्टिना की जोड़ी को ईरानी-पेनेटा की जोड़ी के खिलाफ जीत हासिल करने में कोई परेशानी नहीं हुई। उन्होंने एक घंटा 17 मिनट में 6-4, 6-1 से मैच अपने नाम किया।

सानिया और मार्टिना ने कुल 125 में से 72 अंक अपने नाम किए। सानिया पहली बार यहां महिला युगल के फाइनल में पहुंची हैं। वह बीते साल ब्राजील के ब्रूनो सोआरेस के साथ यहां मिश्रित युगल खिताब जीत चुकी हैं।

फाइनल में सानिया और मार्टिना का सामना आस्ट्रेलिया की कासे डालाक्वा और कजाकिस्तान की यारोस्लावा श्वेदेवा तथा जर्मनी की एना लेना ग्रोएनफील्ड और अमेरिका की कोको वेंडवेघ के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

बाद में हिंगिस ने पेस के साथ ही मिश्रित युगल वर्ग के सेमीफाइनल में भारत के रोहन बोपन्ना और चानी ताइपे की युंग जान चान की दूसरी वरीय जोड़ी को 6-2, 7-5 से हराया। यह मुकाबले एक घंटे से कुछ अधिक समय तक चला।

पेस ने यहां 2008 में मिश्रित युगल खिताब जीता है और वह तीन बार यहां 2006, 2009 और 2013 में पुरुष युगल खिताब जीत चुके हैं।

फाइनल में पेस और मार्टिना का सामना अमेरिका की बेथाने माटेक और सैम क्वेरे के साथ होगा।

बोपन्ना के लिए दिन अच्छा नहीं रहा। पेस और मार्टिना के खिलाफ मिश्रित युगल मुकाबला गंवाने के बाद बोपन्ना और उनके रोमानियाई जोड़ीदार फ्लोरिन मेर्गिया को पुरुष युगल सेमीफाइनल में ब्रिटेन के डोमिनिक इंगलोट और स्वीडन के रोबर्ट लिंडस्टेड के हाथों 6-7(2), 3-6 से हार मिली।

लड़कियों के एकल वर्ग के तीसरे दौर में भारत के कामरान कौर थांडी को हार मिली। थांडी को हंगरी की दूसरी वरीय डाल्मा गाल्फी के हाथों 4-6, 6-7(3) से हार मिली।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493