वाशिंगटन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान के बाद रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। वह जीत से बस कुछ कदम दूर रह गए हैं। शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद ट्रंप अपनी डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन के मुकाबले लगातार बढ़त बनाए हुए हैं, जिससे हिलेरी खेमे में सन्नाटा पसरा है।
‘वाशिंगटन पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने उन कुछ राज्यों में भी हिलेरी के मुकाबले बढ़त बना ली है, जहां पहले डेमोक्रेट उम्मीदवार के जीतने की संभावना जताई जा रही थी। अब तक ट्रंप को निर्वाचक मंडल के 266 वोट मिले हैं, जबकि हिलेरी के हिस्से 218 वोट आए हैं। व्हाइट हाउस की दौड़ जीतने के लिए किसी भी उम्मीदवार को निर्वाचक मंडल के 270 वोटों की जरूरत होगी।
‘न्यूयार्क टाइम्स’ ने पहली बार अमेरिका के अगले राष्ट्रपति चुनाव के तौर पर ट्रंप की जीत की संभावना जताते हुए उन विशेषज्ञों को गलत करार दिया है, जो अब तक कांटे के मुकाबले में हिलेरी की जीत की संभावना जता रहे थे।
ट्रंप एक सप्ताह पहले तक हारते नजर आ रहे थे, लेकिन अमेरिका के श्वेत लोगों, कामकाजी वर्ग व ग्रामीणों के समर्थन से उन्होंने फ्लोरिडा और अन्य महत्वपूर्ण राज्यों में बढ़त बना ली।
‘सीएनएन’ के अनुसार, वर्जीनिया, जॉर्जिया, मिशिगन, न्यू हैम्पशायर, विस्कॉन्सिन, मोंटाना, कनसास, नेब्रास्का, मिसौरी, व्योमिंग, नार्थ डकोटा, इंडियाना, केंटुकी, वेस्ट वर्जीनिया, साउथ कैलिफोर्निया, ओक्लाहोमा, लुसियाना, मिसिसिपी और इडाहो में ट्रंप की स्थिति मजबूत हुई।
ट्रंप के पक्ष में पड़े वोट लोगों में सत्ता विरोधी लहर की ओर संकेत करते हैं, जो बदलाव के मूड में थे। उन राज्यों और काउंटियों में भी ट्रंप के पक्ष में वोट पड़े, जहां लोगों ने चार साल पहले मौजूदा राष्ट्रपति बराक ओबामा के लिए मतदान किया था। विशेषज्ञ जनता की मानसिकता में हुए इस बदलाव के कारण तलाशने में जुटे हैं।
dharmpath.com dharmpath