इस्लामाबाद, 20 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान द्वारा ‘काली सूची’ में डाले गए अमेरिकी नागरिक मैथ्यू क्रेग बेरेट को शनिवार सुबह निर्वासित कर दिया गया। उसे इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान आने पर गिरफ्तार कर लिया गया था।
पाकिस्तान की सरकारी विमानन कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि बेरेट को लाहौर से न्यूयॉर्क जानेवाले पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस से रवाना कर दिया गया।
उसे इस साल छह अगस्त को इस्लामाबाद के एक अतिथिगृह से कानून प्रवर्तक कर्मियों ने गिरफ्तार किया था।
डॉन ऑनलाइन की रपट के मुताबिक, बेरेट को साल 2011 में भी पाकिस्तान से अमेरिका निर्वासित किया गया था और उसे काली सूची में डाला गया था।
सूत्रों ने बताया कि बेरेट को 12 अगस्त को विदेशी कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था। उसे अदियाला जेल से शुक्रवार रात रिहा किया गया और निर्वासन के लिए लाहौर लाया गया।
उसने बताया कि वह पाकिस्तान हमेशा के लिए बसने आया था। उसे 2011 में उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब वह इस्लामाबाद में संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें ले रहा था। उसपर लगाए गए सभी आरोपों से पाकिस्तान के सर्वोच्च न्यायालय ने बरी कर दिया और निर्वासित करने का आदेश दिया था।
पाकिस्तान की अपनी पिछली यात्रा के दौरान बेरेट ने एक पाकिस्तानी महिला से शादी की थी और इस जोड़े के दो बच्चे भी हैं।
dharmpath.com dharmpath