वाशिंगटन, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी नौसेना के एक कमांडर को गोपनीय सूचनाओं के बदले एक मलेशियाई रक्षा ठेकेदार के पैसे से विश्व भ्रमण करने, सुंदरियों के साथ सहवास करने और संगीत समारोह का टिकट लेने के आरोप में 78 माह कैद की सजा सुनाई गई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, मामले की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 48 वर्षीय कमांडर माइकल वेनक खेम मिसीविज को एक लाख डॉलर जुर्माना भरने का भी आदेश दिया है। इसके अलावा इस घोटाले से मिले 95 हजार डॉलर भी जमा करने होंगे।
कमांडर माइकल पर मलेशियाई व्यवसायी लियोनार्ड ग्लेन फ्रांसिस के पैसे से विश्व भ्रमण, मनोरंजन, शानदार होटलों में ठहरने, वेश्याओं के साथ रंगरेलियां करने और वर्ष 2012 में थाईलैंड में हुए लेडी गागा के कार्यक्रम के पांच टिकट लेने का आरोप था।
कमांडर को वर्ष 2011 के जनवरी से वर्ष 2013 के सितंबर तक यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन करियर स्ट्राइक ग्रुप और अन्य युद्धपोतों के उन बंदरगाहों पर आने-जाने की गोपनीय समय सारणी उपलब्ध कराने का दोषी करार दिया गया, जहां फ्रांसिस की सिंगापुर स्थित कंपनी ने ठेके के लिए फर्जी निविदाएं दी थीं।
कमांडर माइकल ने स्वीकार किया है कि उसने रिश्वतखोरी को छुपाने के लिए गोपनीय एवं अस्थाई ईमेल खाते का उपयोग करने की कोशिश की थी।
उसने खुलासा किया कि वे गोपनीय सूचनाएं कई लाख डॉलर के बराबर थीं।
माइकल का मामला अमेरिकी नौसेना के अधिकारियों का सबसे ताजा मामला है, जो अमेरिकी नौसेना में रिश्वतखोरी के सर्वाधिक खराब मामलों में संलिप्त थे।
नौसेना ने रिश्वतखोरी मामले में 10 को अभियुक्त बनाया था, जिनमें नौ को दोषी ठहराया गया। इनमें तीन सेवानिवृत्त एडमिरल हैं।
dharmpath.com dharmpath